रांची
लैंड स्कैम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आज पूर्व डीसी छवि रंजन को जमानत देने से इनकार कर दिया। बता दें कि रांची के पूर्व डीसी की डिफॉल्ट बेल पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हुई। इसमें भूमि घोटाला में आरोपी बनाये गये छवि रंजन की याचिका को खारिज कर दिया गया। मिली खबर के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस सतीश चन्द्र शर्मा की बेंच में छवि रंजन की डिफॉल्ट बेल पर सुनवाई क गयी।

छवि रंजन की ओर से सिनीयर एडवोकेट सिद्धार्थ अग्रवाल और एडवोकेट अभिषेक चौधरी ने बहस की। छवि रंजन ने जिस केस में डिफॉल्ट बेल के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, वह चेशायर होम रोड स्थित भूखंड की खरीद-बिक्री में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। इस संबंध में ED ने केस दर्ज किया है। छवि रंजन फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उन्हें डिफॉल्ट बेल देने से रांची ED की स्पेशल कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट ने पहले ही इनकार कर दिया है।

इधर, चेशायर होम रोड भूमि घोटाला मामले को लेकर PMLA कोर्ट में पूर्व DC छवि रंजन और विष्णु अग्रवाल की याचिका पर 12 अगस्त को सुनवाई होनी है। बता दें कि चेशायर होम रोड की ज़मीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री से जुड़े लैंड स्कैम केस में रांची के पूर्व DC छवि रंजन और न्यूक्लियस मॉल के मालिक व्यवसायी विष्णु अग्रवाल को ईडी की ओऱ से आरोपी बनाया गया है। दोनों ने कोर्ट में डिस्चार्ज पिटीशन दाखिल की है। इसपर कल यानी 29 जुलाई को PMLA (प्रीवेन्शन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की विशेष अदालत में सुनवाई हुई थी।
